लखनऊ। पीजीआई थानाक्षेत्र के तेलीबाग स्थित वृंदावन कॉलोनी में रविवार रात टहल रही मां-बेटी से नशे में धुत युवकों ने अभद्रता की। विरोध पर गाली-गलौज करने के साथ पीछा कर घर में घुसने की भी कोशिश की। मां-बेटी ने किसी तरह दरवाजा बंद कर खुद को बचाया और 112 पर सूचना दी।
पीड़ित लड़की ने बताया कि उसके पिता निजी कंपनी में चालक हैं। घटना के समय भाई जागरण में गया था। करीब 10 बजे वह मां के साथ कॉलोनी में टहल रही थी। सड़क किनारे खाली स्थान पर कुछ युवक शराब पी रहे थे। दोनों के पास से गुजरते ही युवकों ने छींटाकशी शुरू कर दी।
विरोध पर शराबियों ने अभद्रता के साथ घर में घुसने की कोशिश की। जब तक पुलिस आती तब तक युवक भाग गए। उधर, 112 पुलिस ने कहा कि चौकी जाइए। इसके बाद पीड़ित रात दो बजे चौकी तेलीबाग पहुंचे, जहां कोई पुलिस कर्मी नहीं मिला। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। आरोपियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।