लखनऊ। गुडंबा इलाके में रविवार शाम छह वर्ष की बच्ची को ई रिक्शा चालक रमेश वेज रोल खिलाने के बहाने साथ ले गया। रास्ते में उसने शराब पी और कुकरैल जंगल ले जाकर गलत इरादे से बच्ची से छेड़छाड़ करने लगा। अधिक शराब पीने की वजह से आरोपी बेहोश हो गया। बच्ची रोते हुए वहां से भाग निकली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची मूलरूप से सीतापुर की रहने वाली है और परिवार के साथ इलाके में रहती है। बच्ची के पिता मजदूरी करते हैं। रविवार शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी रमेश ई रिक्शा लेकर वहां पहुंचा और उसे वेज रोल खिलाने व घुमाने के बहाने साथ लेकर चला गया।
बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया पर कुछ पता नहीं चल सका। घरवाले शिकायत लेकर गुडंबा पुलिस के पास पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज करवाई।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि बच्ची की तलाश में पुलिस की कई टीमों को लगाया गया। स्थानीय लोग भी उसकी तलाश में जुट गए। रात करीब साढ़े तीन बजे कुकरैल जंगल के पास बच्ची रोते हुए एक युवक को मिली। युवक की सूचना पर पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई।
बच्ची ने आरोपी रमेश का नाम बताया। पुलिस ने जंगल के पास से नशे में धुत आरोपी रमेश को पकड़ लिया। इस मामले में सोमवार को गुमशुदगी के साथ बच्ची से दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाते हुए आरोपी सीतापुर निवासी रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
खुर्रमनगर से खरीदी थी शराब
इंस्पेक्टर गुडंबा ने बताया कि पुलिस ने जब बच्ची की तलाश की तो लोगों से आरोपी रमेश का नाम पता चल गया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। आरोपी ने बताया कि वह बच्ची को गलत इरादे से अपने साथ ले गया था। रास्ते में खुर्रमनगर में उसे वेज रोल खिलाया और वहीं से शराब भी खरीदी थी। रास्ते में उसने चलते ई रिक्शा में शराब भी पी थी।
काफी डरी-सहमी है बच्ची
अपने साथ हुई घिनौनी हरकत के बाद बच्ची काफी डरी व सहमी हुई है। परिजनों को भी आरोपी रमेश की हरकत पर यकीन नहीं हो रहा। घरवालों का कहना है कि आरोपी अक्सर बच्ची को खिलाता था, कभी ऐसा कुछ भी नहीं लगा कि वह ऐसी हरकत कर सकता है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
जून 2025 में आलमबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे दीपक वर्मा ने ढाई साल की दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म किया था। पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया था।
जुलाई 2025 में मलिहाबाद में ट्यूबवेल पर नहाने गई बच्ची को बंधक बनाकर सूचित यादव ने दुष्कर्म किया था।
जून 2025 में सरोजनीनगर में आठ वर्षीय बच्ची से घर में घुसकर आरोपी अरविंद सिंह चौहान ने दुष्कर्म किया था।
फरवरी 2025 में सरोजनीनगर में छह वर्ष की बच्ची से सावेज ने दुष्कर्म किया था।