लखनऊ। ड्रग तस्कर गिरोह की सरगना मदेयगंज खदरा निवासी नसरीन बानो को यूपी एसटीएफ ने बुधवार को ठाकुरगंज इलाके से गिरफ्तार किया। नसरीन की गिरफ्तारी पर बहराइच पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एसटीएफ के एडिशनल एसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार उनकी टीम इनामियों की गिरफ्तारी के लिए लगी थी। बुधवार को सूचना मिली कि बहराइच जनपद में कोतवाली देहात में दर्ज एनडीपीएस के मामले में भागी चल रही 50 हजार रुपये की इनामी नसरीन लखनऊ में मौजूद है। इस सूचना पर एसटीएफ की टीम ने सर्विलांस की मदद से ठाकुरगंज के फरीदीपुर इलाके से नसरीन को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में नसरीन ने बताया कि वह बीते छह वर्ष से गैंग के साथ लखनऊ, बहराइच और आसपास के जनपदों में ब्राउन शुगर की तस्करी कर रही थी। वेे लोग मणिपुर से कच्चा माल मंगाकर उससे ब्राउन शुगर तैयार करते हैं। इसके बाद गिरोह के लोग सप्लाई करते हैं। गैंग के एक गुर्गे को एसटीएफ ने 17 अक्तूबर को ब्राउन शुगर के साथ बहराइच से गिरफ्तार किया था। उसी ने पूछताछ में नसरीन का नाम बताया था।