लखनऊ। चिनहट के मटियारी इलाके में उमंग लॉन में चल रहे तिलक समारोह के दौरान चार वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। एक नशेड़ी युवक उसे अपने साथ ले गया, जिसे तीन किमी दूर पकड़ा गया। मासूम के पिता की तहरीर पर अपहरण की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बाराबंकी जिले के एक कारोबारी परिवार के साथ नौ मार्च को उमंग लॉन में साले के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। उनकी बेटी मां के साथ नाश्ते के स्टॉल के पास थी। अचानक वह गायब हो गई। घरवालों ने ढूंढना शुरू किया, पर कुछ पता नहीं चला।
कंट्रोल रूम को सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। रात करीब 8:51 बजे बच्ची गेट से निकलते हुए दिखी। उसके आगे एक संदिग्ध व्यक्ति जाता दिखा। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। उमंग लॉन से करीब तीन किमी दूर उत्सव लॉन के पास कुछ लोगों ने संदिग्ध युवक को बच्ची के साथ देखकर रोका और पुलिस को सूचना दी। इस बीच चिनहट पुलिस व मासूम के परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि युवक के साथ मौजूद बच्ची उन्हीं की है। पूछताछ में युवक ने अपना नाम बाराबंकी के जैदपुर सेवकी का पुरवा निवासी सर्वेश रावत बताया। परिजनों का आरोप है कि युवक अपहरण कर बेचने की नीयत से बच्ची को ले जा रहा था। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नशे में चूर सर्वेश पूछताछ में कुछ सही नहीं बता सका। वह मटियारी में बक्से की दुकान पर काम करता है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।