मोहर्रम के मद्देनजर पुराने लखनऊ में अमन चैन बनाए रखने को संचालित मुहिम में ड्रोन कैमरों की निगरानी अब असर दिखाने लगी है। बीते चौबीस घंटे में पुराने लखनऊ के घरों की ड्रोन में लगे उच्च क्षमता युक्त कैमरों से कराई गई फोटोग्राफी में 15 ऐसे घर चिह्नित हुए जिनकी छतों पर प्रशासन द्वारा संग्रह को प्रतिबंधित सामग्री एकत्रित मिली।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ऐसे सभी मकान मालिकों को संबंधित एसीएम के माध्यम से नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इस नोटिस का जवाब तीन दिन में न देने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई तय करेगा।
मोहर्रम के दौरान होने वाले धार्मिक जुलूसों के रूट पर किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके चलते ही मोहर्रम तक पुराने लखनऊ में घटित होने वाली हर छोटी बड़ी घटना की निगरानी के लिए एडीएम सिटी पश्चिम जयशंकर दुबे की अगुवाई में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की हाई पावर टीम को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।