लखनऊ। राजधानी में शनिवार सुबह बूंदाबांदी के साथ गर्मी से राहत महसूस की गई। दिनभर धूप के तेवर भी नर्म रहे और हवा के झोंकों ने सुखद अहसास कराया। शाम को सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए लोग पार्कों व पर्यटन स्थलों पर नजर आए। हवा का रुख पछुआ से पूर्वा हो गया है। इससे सोमवार से लखनऊ में बादलों की आवाजाही रह सकती है। ऐसे में तपिश से तो राहत मिलेगी, लेकिन उमस भरी गर्मी बरकरार रहेगी।
शहर में सुबह कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। सुबह से मौसम में नरमी से धूप में भी राहत महसूस हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच हवा के झोंके उमस से राहत देते रहे। शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया। शनिवार को दिन का तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को धूप खिलेगी, तपिश और उमस भरी गर्मी में विशेष बदलावा नहीं आएगा। सोमवार से दो-तीन दिनों तक रुक-रुक कर गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में एक नए वेदर सिस्टम के विकसित होने से बंगाल की खाड़ी से उठी नमीयुक्त पूर्वा हवाओं के असर से सोमवार से लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी।