रायबरेली। जिले के हरचंदपुर के दतौली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) में पिछले चार दिनों से डीएल बनाने का काम ठप है। पोर्टल पर स्लॉट न खुलने के कारण ऐसा हो रहा है।
ये भी चर्चा है कि लखनऊ में पोर्टल को अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी कारण तकनीकी खामियों के कारण डीएल नहीं बन पा रहे हैं। पहले से स्लॉट बुक कराने के बाद पहुंच रहे लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है।
जिले में बीती आठ अप्रैल से आईडीटीआर से डीएल बनवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अब लोगों को डीएल बनवाने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय नहीं जाना पड़ता है। अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए घर से ही ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करानी पड़ती है, लेकिन स्थायी डीएल बनवाने के लिए ऑनलाइन स्लाॅट बुक कराने के बाद मिली तारीख पर आईडीटीआर पहुंचकर फोटों खिंचवानी पड़ती है।
बीती 29 नवंबर से स्लॉट काम नहीं कर रहा है। ऐसे में डीएल के लिए स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं। साथ ही पहले से स्लॉट बुक कराने वाले लोगों की ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी नहीं हो पा रही है। नवीनीकरण का काम भी चार दिन से ठप है। जिले में रोजाना करीब 80 परमानेंट लाइसेंस बनने के साथ ही पुराने डीएल के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाती है, लेकिन चार दिन से स्लॉट न खुलने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। फोटो खींचने के साथ ही अप्रूवल का काम भी ठप हो गया है।
आईडीटीआर पहुंचने के बाद भी काम न होने पर वापस लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में एआरटीओ ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। जल्द ही पोर्टल को संचालित कराने का अनुरोध किया है, जिससे लोगों को डीएम बनवाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।