आप दिल्ली के निवासी हैं और वहीं से ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) भी बना। अब नौकरी के चलते लखनऊ में रह रहे हों और डीएल एक्सपायर होने वाला हो तो उसका नवीनीकरण कराने के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है।
अगर आपका डीएल स्मार्ट कार्ड में बना है और उसकी सिस्टम में ऑनलाइन फीडिंग है, तो लखनऊ के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से ही नवीनीकरण हो जाएगा। इसके बाद नया डीएल लखनऊ के पते पर बनेगा।
परिवहन विभाग के ‘सारथी’ सॉफ्टवेयर से यह सुविधा मिलेगी। लेकिन डीएल धारक को संबंधित आरटीओ से एनओसी लेनी होगी, जो परिवहन विभाग को ऑनलाइन भेजने का प्रावधान है। आवेदक एनओसी के लिए संबंधित राज्य के परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकता है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राघवेंद्र सिंह का कहना कि देश के किसी भी राज्य के आरटीओ से बनने वाला डीएल स्मार्ट कार्ड में एवं उसकी ऑनलाइन फीडिंग है तो ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ से उसका नवीनीकरण कराया जा सकता है।