हरिहरनाथ एक्सप्रेस के ड्राइवर का समय पर न पहुंचने के कारण चारबाग स्टेशन पर ट्रेन खड़ी रही, जिससे हड़कंप मच गया। दूसरी ओर रायबरेली रेलमार्ग पर रेलवे क्रासिंग गेट का तार टूट गया।
इसके चलते कारण रेलमार्ग बाधित होने दर्जन भर से ज्यादा ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इलाहाबाद से हरिद्वार जाने वाली हरिहरनाथ एक्सप्रेस जब चारबाग स्टेशन पहुंची तो यहां से गाड़ी का ड्राइवर बदला जाना था।
ट्रेन के छ़ूटने का समय हो गया लेकिन ड्राइवर ही नहीं पहुंचा है। इसकी जानकारी जब स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों को मिली तो हड़कंप मच गया।
इसके बाद जब ड्राइवर से संपर्क किया गया तो मालूम हुआ कि वह सड़क जाम में फंसा है। लगभग पौन घंटे के बाद ड्राइवर ने स्टेशन पहुंचकर गाड़ी को आगे बढ़ाया।
वहीं, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने मंगलवार को ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ मल्हौर रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाया। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों से 164 बेटिकट यात्री पकड़े गए।
जिनसे मौके पर ही 63 हजार 900 रुपये जुर्माना वसूला गया। उत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक जगदीप राय के आदेश पर मल्हौर रेलवे स्टेशन पर छापा मार कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई सहायक वाणिज्य प्रबंधक घनश्याम मीना के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान वहां से गुजरने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस, बरौनी ग्वालियर मेल, बाघ एक्सप्रेस, लखनऊ गोंडा पैसेंजर, अवध, गरीब नवाज, शहीद, सियालदाह जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में सघन चेकिंग की गई।
इस दौरान 164 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। जुर्माना न देने पर 24 यात्रियों का चालान किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा।