खुले ट्रांसफार्मर के करंट से चालक की मौत
सरोजनीनगर। नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह आठ बजे गत्ता फैक्टरी के गेट पर ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आने से ट्रक चालक राधेलाल (60) की मौत हो गई। पीजीआई क्षेत्र के साउथ सिटी स्थित पिपरौली निवासी राधेलाल रिलीफ पेपर वर्क्स में गत्ता लेकर पहुंचा था। ट्रक को ट्रांसफार्मर के चबूतरे के बगल खड़ा करने के बाद वह गेट खुलवाने के लिए नीचे उतरा। दोबारा ट्रक पर चढ़ते समय वह ट्रांसफार्मर के चबूतरे पर चढ़ा, तभी विद्युत तार की चपेट में आकर झुलस गया।
सरोजनीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के मुताबिक हादसा कान्हा उपवन से कुछ दूर स्थित रिलीफ पेपर वर्क्स कंपनी के बाहर हुआ। कंपनी कर्मचारी उसे पुलिस के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी दुर्गा देवी, बेटा अजय और दो बेटियां कीर्ति व प्रिया हैं।
न जाली थी, न सुरक्षा कर्मी
परिजनों ने मामले में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर खुले में रखा था। उसके आसपास न तो जाली लगी थी और न ही कोई सुरक्षा कर्मी था। एसडीओ रामचंद यादव के अनुसार चालक ट्रांसफार्मर के चबूतरे पर चढ़ने के दौरान हादसे का शिकार हुआ। यह ट्रांसफार्मर कंपनी की निगरानी में था। एसडीओ ने घटना की जांच के लिए विद्युत सुरक्षा निदेशालय को पत्र लिखा है।