मलिहाबाद थाना क्षेत्र में लखनऊ-हरदोई रोड पर रविवार देर रात दूध सप्लाई वैन और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। अनियंत्रित होकर वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गए। हादसे में दूध सप्लाई वैन के चालक संजय सैनी (32) की मौत हो गई। इस बीच संडीला की तरफ से आ रहा बेकाबू ट्रक पलटी हुई डीसीएम से टकरा गया। भीषण हादसे में आठ लोग घायल हुए जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसा गढ़ी जिंदौर के पास देर रात हुआ।
इंस्पेक्टर मलिहाबाद चिरंजीव मोहन ने बताया कि संडीला निवासी संजय सैनी दूध वैन का ड्राइवर था। दूसरी तरफ ट्रैक्टर पर सवार अनुज, मुकेश और सुभाष को भी गंभीर चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर के अनुसार, रहीमाबाद चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रसाद प्रजापति ने साथी पुलिस कर्मियों के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वैन पलटने दूध सड़क पर बह रहा था। इस बीच दूध कम्पनी की दूसरी वैन मौके पर पहुंची जिसमें दूध पलटा जा रहा था। संडीला निवासी संदीप सिंह, अभिमन्यु सिंह, सीतापुर निवासी मोहित सिंह, बोधलाल और जमील दूध पलट रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गया।