नगराम। हादसे में किसान की मौत के मामले में मृतक के भाई रत्नेश ने बुधवार को थाने में कार चालक उमेश प्रताप सिंह निवासी बहरौली के खिलाफ केस दर्ज कराया है। वह घटना के समय मौके से भाग निकला था।
पुलिस के अनुसार, बलसिंह खेड़ा गांव निवासी सदासुख वर्मा के छोटे बेटे रामू (40) बहरौली के मजरा गुमवा खेड़ा में अपने नाना महराजदीन के घर रहकर खेती करते थे। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह खेतों की सिंचाई कर घर लौट रहे थे। नगराम-गंगागंज मार्ग से बहरौली-ढोढ़ेपुरवा जाने वाले रास्ते पर पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव गुमवा खेड़ा गांव पहुंचा तो ग्रामीणों में आक्रोश था। सूचना पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार को बरामद कर थाने में खड़ी करा दी है। कार्यवाहक थाना अध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।