लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में मंगलवार देर रात बेकाबू ट्रेलर ने क्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में क्रेन सड़क किनारे पलट गई और चालक संजय प्रसाद (35) और क्लीनर देवेंद्र (25) की मौत हो गई। जबकि तीन मजदूर क्रेन के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं, हादसे के कारण तीन घंटे तक लखनऊ-कानपुर रोड पर भीषण जाम लगा रहा। प्रभारी निरीक्षक रामसूरत सोनकर के मुताबिक, देवरिया के पैकौली महराजगंज निवासी संजय प्रसाद मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे क्रेन लेकर ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ आ रहा था।
क्रेन पर उसके साथ बाराबंकी के दीन पनाह फतेहपुर निवासी क्लीनर देवेंद्र, बहराइच के मजदूर राजकपूर, दीपू और मुकेश थे। सरोजनीनगर के कानपुर रोड स्थित एयरपोर्ट रन-वे के पास पीछे से ट्रेलर ने क्रेन को टक्कर मार दी।