ऐतिहासिक इमामबाड़े की सैर के लिए अब महिलाओं को सिर ढक कर ही जाना होगा।
इमामबाड़ा प्रशासन ने महिलाओं के लिए ड्रेस कोड पर मुहर लगाते हुए सिर ढक कर प्रवेश करने की शिया समुदाय की मांग को मान लिया है।
शिया समुदाय की ओर से दो साल पूर्व उठी इस मांग पर पिछले दिनों हुसैनी टाइगर्स के कार्यकर्ताओं द्वारा तेज हुई कवायद के बाद रविवार को हुसैनबाद ट्रस्ट के सचिव एडीएम पश्चिम एचपी शाही ने इस पर अपनी मुहर लगा दी।
एडीएम ने बताया कि बड़ा इमामबाड़ा धार्मिक स्थल है और शिया समुदाय की आस्था का केंद्र है। इसलिए शिया समुदाय की मांग के मुताबिक महिलाओं के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है।
महिला पर्यटक इमामबाड़े में अब बिना सिर ढके प्रवेश नहीं करेंगी। इसके लिए टिकट काउंटर के साथ ही दुपट्टा देने के लिए भी काउंटर बनाया जाएगा, जहां महिलाओं को सिर ढकने के लिए दुपट्टा उपलब्ध कराया जाएगा।
लेकिन जिन महिलाओं के पास दुपट्टा होगा उन्हें इमामबाड़े में प्रवेश के दौरान सिर ढकने को कहा जाएगा। इसके लिए गाइडों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, कि वे महिला पर्यटकों को इस नए आदेश से अवगत करा दें।