नाले का निरीक्षण करते नगर आयुक्त।
लखनऊ। नाला सफाई की जांच के लिए निकले नगर आयुक्त को जानकीपुरम में छुइयापुरवा चौराहे से अलीशा नगर तक जाने वाला नाला चोक मिला, जबकि इसकी सफाई हो जाने का दावा किया जा रहा था। नाले का हाल देख नगर आयुक्त ने इसकी दोबारा सफाई कराने का आदेश दिया है।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को जोन तीन क्षेत्र के नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले टेढ़ी पुलिया चौराहे से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे तक सर्विस रोड के किनारे बने नाले को देखा। यहां मशीन से नाले की सफाई की जा रही थी। इसके बाद छुइयापुरवा चौराहे से अलीशानगर चौराहे तक के नाले को देखा। इसकी सफाई सही नहीं मिली। इस पर नगर आयुक्त ने दोबारा सफाई कराने को कहा। लखनऊ विश्वविद्यालय के नए परिसर के पास रेलवे पुलिया से भिठौली चौराहे तक नाले में मलबा और कूड़ा पड़ा मिला। इसकी भी उन्होंने दोबारा सफाई के कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि नालों की कवरिंग हटाकर अंदर तक सफाई सुनिश्चित कराएं। सफाई के बाद कवरिंग को व्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश भी दिए। नाला सफाई से निकलने वाली सिल्ट को समय पर हटाने, सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने को कहा। नाला सफाई के बाद आयुक्त ने कश्मीरी मोहल्ला स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में चल रहे नवीनीकरण और विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा और पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान भी मौजूद थे। नए क्लासरूम निर्माण की प्रगति का जायजा लिया गया। आयुक्त ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।