डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की रेजीडेंट डॉ. शारदा सुमन को फेफड़ा प्रत्यारोपण के लिए रविवार को हैदराबाद भेज दिया गया। हैदराबाद स्थित कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (किम्स) की टीम की देखरेख में उनकी शिफ्ंिटग की गई।
एयर एंबुलेंस से भेजने के लिए डॉ. शारदा को अमौसी एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया गया। वहां से सुबह 11 बजे उनको हैदराबाद रवाना कर दिया गया।
संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि हैदराबाद के किम्स की टीम के निरीक्षण के बाद डॉ. शारदा को एयर एंबुलेंस से रवाना किया गया। संस्थान प्रशासन उम्मीद करता है कि प्रत्यारोपण के बाद जल्द ही स्वस्थ होकर वह वापस आएंगी।
संस्थान के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में तैनात रेजीडेंट डॉ. शारदा सुमन के फेफड़े कोरोना संक्रमण की वजह से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। संस्थान में पिछले 50 दिन से डॉक्टर को एक्मो मशीन के सहारे सांसें दी जा रही हैं।
विशेषज्ञों की टीम ने इसके लिए फेफड़े प्रत्यारोपित करने के लिए कहा है। इसका खर्च काफी ज्यादा है। रेजीडेंट के घर की आर्थिक स्थिति इसे वहन करने में सक्षम नहीं है। इसे देखते हुए डॉ. के पति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की थी।
संस्थान प्रशासन ने भी इस संबंध में मुख्यमंत्री से सीधे बात की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फेफड़ा प्रत्यारोपण के लिए डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह रकम हैदराबाद के अस्पताल को भेजी जा चुकी है। रविवार को डॉक्टर को वहां भेज दिया गया है। जल्द ही प्रत्यारोपण किया जाएगा।