बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) निदेशालय में पंजीरी सिंडिकेट की सबसे बड़ी पैरोकार रहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) कल्पना पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें डीएम गोंडा के कार्यालय से संबद्ध कर जांच लखनऊ सीडीओ को सौंप दी गई है। कल्पना को पोषाहार के पैकेट पर बारकोडिंग कराने की शर्त की अनदेखी करने के आरोप में निलंबित किया गया है।
‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए विभाग की तत्कालीन प्रमुख सचिव वीना कुमारी ने घोटाले के लिए प्रथम दृष्टया कल्पना पांडेय को जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर दिया है। इससे पहले कल्पना को अनधिकृत तरीके से अपर परियोजना प्रबंधक का पदनाम लिखने का भी दोषी पाया गया था।
गौरतलब है कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार आपूर्ति के लिए पंजीरी सिंडिकेट के नाम से कुख्यात 14 कंपनियों के साथ 25 अप्रैल 2018 को दो साल का अनुबंध किया गया था। इसके तहत आपूर्तिकर्ता फर्म को एक किलो पोषाहार के पैकेट पर बारकोडिंग के बाद आपूर्ति करना था। इसी तरह 20 पैकेट को एक अलग पैकेट में पैक कर एक कोड अंकित करना था।
अन्य कर्मियों पर भी कार्रवाई के निर्देश
इसकी निगरानी के लिए स्मार्ट इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम लागू करना था। इसके बावजूद 2 साल तक बिना बारकोडिंग के ही पोषाहार लिया जाता रहा। स्मार्ट इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने और बारकोडिंग पर नजर रखने की जिम्मेदारी डीपीओ कल्पना पांडेय की थी।
तत्कालीन प्रमुख सचिव वीना कुमारी ने जाते-जाते निर्देश दिए हैं कि स्मार्ट इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम लागू न किए जाने के मामले में कल्पना के अलावा जो अन्य कर्मचारी शामिल हैं, उनके नियुक्ति प्राधिकारी होने के नाते निदेशक खुद कार्रवाई करें। निदेशक व वित्त नियंत्रक को आदेश दिया कि दोनों शासन को बताएं कि इस पूरे प्रकरण में सरकार को कितना नुकसान हुआ।
आईसीडीएस निदेशक शत्रुघ्न को हटाया
शासन ने समेकित बाल विकास सेवा योजना (आईसीडीएस) के निदेशक शत्रुघ्न सिंह को हटा दिया है। माना जा रहा है कि उन्हें बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आ रही शिकायतों के चलते हटाया गया है। इससे पहले 31 मई को विभाग की प्रमुख सचिव वीना कुमारी मीना का तबादला कर दिया गया था।
सिंचाई विभाग में विशेष सचिव सारिका मोहन को आईसीडीएस निदेशक बनाया गया है। शत्रुघ्न को विशेष सचिव नमामि गंगे बनाया गया है। वहीं, प्रतीक्षारत आईएएस अफसर प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव सिंचाई के पद पर तैनाती दी गई है।