गन्ना आयुक्त एवं प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, संजय आर भूसरेड्डी ने गन्ना किसानों से आकाशीय बिजली गिरने से 30-40 मिनट पहले चेतावनी देने वाले दामिनी एप को डाउनलोड करने की अपील की है। यह एप प्रथ्वी विज्ञान मंत्रालय के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोवलॉजी, पुणे ने विकसित किया है।
भूसरेड्डी ने बताया कि यह एप गूगल पर निशुल्क उपलब्ध है। यह एप आकाशीय बिजली से बचाव के तरीकों के संबंध में सूचना देता है। 20 किमी की लोकेशन में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी के बारे में मोबाइल पर ऑडियो संदेश व एसएमएस से माध्यम से अलर्ट करता है। इससे एप उपयोग करने वाला समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों को गन्ना किसानों और कर्मचारियों के बीच प्रचारित करें।
गन्ना किसानों ये सलाह:
- आकाशीय बिजली से बचने को खुले खेतों, पेड़ों के नीचे, पहाड़ी इलाकों व चट्टानों का उपयोग न करें।
- बारिश के दौरान बिजली गिरने पर जमीन पर सपाट लेटने से बचें।
- वर्षा ऋतु में बिजली गिरने के समय तालाब, झील तथा बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहें।
- आकाशीय बिजली गिरने के समय धातुओं के बर्तन न धोएं और स्नान करने से बचें।
- बिजली के उपकरण या तार वाले फोन का उपयोग न करें।
- बिजली की गरज के दौरान पानी भरे खेत में न रहें।
यह करें:
बिजली गिरने के दौरान यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाता है और आस-पास कोई छिपने की जगह न हो तो ऐसी स्थिति में अपने दोनों हाथों को अपने कानों पर रखें। नीचे की तरफ थोड़ा कम, अर्थात उकडू झुकें। सुनिश्चित करें कि आपके दोनों पैरों की एड़ी आपस में छू रही हो।