राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में लगे रोजगार मेले में शामिल अभ्यर्थी। स्रोत ः संस्थान
लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में बृहस्पतिवार को आईटीआई और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेला भले ही संयुक्त रूप से आयोजित हुआ हो, लेकिन प्रतिभागियों की संख्या और चयनित अभ्यर्थियों के आंकड़ों में बड़ा अंतर (दोगुने से अधिक) सामने आया।
रोजगार मेले में सुजुकी मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, वीविंग, सुजलान एनर्जी, पंकज इंटरप्राइजेज, डीलक्स बियरिंग, एसएएसवी और पेटीएम जैसी नामी कंपनियों ने हिस्सा लिया और 500 से अधिक पदों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया गया।
हालांकि, देर शाम जारी हुए आंकड़ों में आईटीआई और सेवायोजन विभाग के बीच चयनितों की संख्या को लेकर विसंगति देखी गई। सेवायोजन विभाग ने जहां 280 अभ्यर्थियों के चयन का दावा किया, वहीं आईटीआई की सूची में केवल 126 नाम शामिल थे। इस पर सफाई देते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि कंपनियों की पंजीकरण प्रक्रिया अलग-अलग थी, इसलिए सूची भी भिन्न आई।
चयनित युवाओं को वेतन 12 से 27 हजार रुपये तक
आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि चयनित युवाओं को 12,000 से 27,000 रुपये तक मासिक वेतन के साथ दोपहर का भोजन, पीएफ और चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।