लखनऊ। काकोरी स्थित आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह रेवरी टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले डबलडेकर बस आगे चल रहे पाइप लदे ट्रक में जा घुसी। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक सिद्धार्थनगर निवासी करण यादव और महिला यात्री रजनी घायल हो गईं।
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे डबल डेकर बस संख्या बीआर-28 पी 3870 दिल्ली के करोलबाग से यात्रियों को लेकर सिद्धार्थनगर के बांसी जा रही थी। बस चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान हादसा हो गया। काकोरी पुलिस, फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। मामले में फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसे से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को किनारे कराया।
ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है। हालांकि हादसे की असली वजह बस की तकनीकी जांच के बाद ही सामने आएगी। जांच में बस के सभी दस्तावेज सही पाए गए। एआरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि 28 से 30 सितंबर तक अनफिट स्लीपर बसों की चेकिंग का अभियान चलाया जाएगा।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार
हादसे में क्षतिग्रस्त कार
हादसे में क्षतिग्रस्त कार