लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में संचालित बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर साइंस) पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। महाविद्यालय में गवर्निंग काउंसिल की संस्तुति के बाद एकेडमिक काउंसिल से भी इसे हरी झंडी मिल गई है।
इस तरह से पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या 60 से 120 हो गई है। कॉलेज प्रशासन बीसीए पाठ्यक्रम में सीटें बढ़ाए जाने को लेकर लंबे समय से विचार कर रहा था। इसका कारण विद्यार्थियों में कोर्स में दाखिले को लेकर बढ़ती रोचकता थी।
नेशनल पीजी कॉलेज में बीसीए में हर वर्ष 60 सीटों पर प्रवेश लिए जाते हैं। इसमें दाखिले के लिए काफी मारामारी रहती है। 60 सीटों पर प्रवेश के लिए करीब एक हजार विद्यार्थी आवेदन करते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है कि कोर्स पूरा करने के बाद शत-प्रतिशत प्लेसमेंट होना है। विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय ने सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया है।
प्राचार्य प्रो. देवेंद्र सिंह ने बताया कि सीटें बढ़ने से अब ज्यादा विद्यार्थियों को बीसीए की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और ज्यादा संख्या में छात्र-छात्राएं महाविद्यालय से जुड़ सकेंगी। कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से आवेदन प्रक्रिया चल रही है। छात्र कॉलेज की वेबसाइट पर फॉर्म भर सकते हैं या कॉलेज जाकर भी फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।