पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए हुए भूमि पूजन के बाद से ही रामभक्तों में दान देने की होड़ सी लगी है। पूरे देश से भक्त दिल खोलकर दान कर रहे हैं, इसी बीच विदेशों से भी राममंदिर निर्माण के लिए दान आने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पास अभी विदेशी दान लेने की व्यवस्था नहीं है। बावजूद इसके सोमवार को चेक के जरिए उत्तरी अमेरिका में रहने वाले एक रामभक्त ने 1500 डालर का चेक श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के पते पर भेजा है।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता बताते हैं कि राममंदिर के लिए देश के कोने-कोने से रामभक्तों द्वारा दान दिया जा रहा है। वहीं अब विदेशों से भी दान आना शुरू हो गया है। सोमवार केे उत्तरी अमेरिका के एक भक्त द्वारा चेक के जरिए 1500 डालर का दान ट्रस्ट कार्यालय के पते पर भेजा गया है। अभी हमारे पास विदेशी दान लेने की व्यवस्था नहीं है। विदेशी दान के लिए जरूरी प्रक्रिया के लिए अप्लाई किया जा चुका है, उम्मीद है कि अगले एक से डेढ़ महीने के भीतर ट्रस्ट विदेशी दान लेने की स्थिति में भी आ जाएगा। राममंदिर के लिए अब तक करीब 73 करोड़ का दान आ चुका है। ऑनलाइन दान ज्यादा आ रहा है। इसके अतिरिक्त चेक, नगदी सहित डाकखाने के जरिए भी बड़ी संख्या में दान प्रतिदिन पहुंच रहा है। प्रतिदिन जहां करीब आधा दर्जन चेक कार्यालय में रिसीव किया जाता है, वहीं करीब बीस से तीस हजार की नगदी भी दान के रूप में आ रही है। रामलला का दर्शन करने आ रहे रामभक्त भी ट्रस्ट कार्यालय पर यथाशक्ति यह 11 रुपये से लेकर 1100 तक का दान राममंदिर निर्माण के लिए देते हैं।
दो दिनों के भीतर चेक के जरिए आया 4 लाख का दान
ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों के भीतर चेक के माध्यम से करीब चार लाख का दान राममंदिर निर्माण के लिए आ चुका है। गुप्ता बताते हैं कि हर महीने चेक के जरिए करीब 30 से 40 लाख का दान आ रहा है। ट्रस्ट कार्यालय पर जो चेक पहुंचते हैं उनका नाम पता नोट कर उन्हें आभार पत्र के साथ-साथ श्रीरामलला का प्रसाद भी भेजा जाता है।