दो दिन पहले भटक कर लखनऊ के इंदिरा नहर में आई डॉल्फिन की शनिवार को दोपहर में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दम घुटने से मौत हो गई। वन विभाग के आला अधिकारियों ने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
चिनहट के जुग्गौर में इंदिरा नहर रेगुलेटर के पास बीते दो दिनों से डॉल्फिन देखी जा रही थी। शुक्रवार को इसकी सूचना वन विभाग को दी। शाम होने के चलते महकमे ने रेस्क्यू ऑपरेशन को अगले दिन पर टाल दिया। शनिवार की सुबह फिर डॉल्फिन दिखी तो इसकी सूचना रेंजर एमएस यादव को दी गई।
टीएसए के डॉ. शैलेन्द्र सिंह की टीम की अगुवाई में करीब दो घंटे की मशक्कत के डॉल्फिन काबू में आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टीम केलोग उसे वाहनों में शिफ्ट कर ही रहे थे कि उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे बचाने का प्रयास किया, पर उसकी मौत हो गई।