राजकीय इंटर कॉलेजों में चल रही 6,645 प्रशिक्षित शिक्षक (एलटी) भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रमाण पत्रों की दोहरी जांच कराई जाएगी। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
आदेश में उन्होंने कहा है कि जांच में फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने पर संबंधित अभ्यर्थी का चयन रद्द करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेरठ मंडल में एलटी शिक्षक भर्ती की काउंसलिंग में एक ही महिला आवेदक प्रियंका पुत्री रामकिशन अग्रवाल को क्रम संख्या चार व पांच पर दर्ज पाया गया।
आवेदन पत्रों का मिलान करने पर सभी प्रमाण पत्र एक समान पाए गए, लेकिन आवेदन पत्र पर लगी फोटो व हस्ताक्षर अलग-अलग थे। इससे अनुपस्थित एक महिला आवेदक को फर्जी मानते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।