दुबग्गा। पारा के मोहान रोड स्थित भरोसा गांव निवासी डॉ. प्रतिभा सिंह के घर तीसरी बार चोरों ने धावा बोला और ढाई लाख का सामान चुरा ले गए। डॉ. प्रतिभा सिंह ने पारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। दो साल के अंदर डॉ. प्रतिभा के घर चोरी की यह तीसरी घटना है।
डॉ. प्रतिभा सिंह के अनुसार वह संत कबीर नगर में तैनात हैं। बुधवार की देर रात चोरों ने उनके घर पर धावा बोला और सारे कमरों के ताले तोड़कर वहां से इनवर्टर, बैटरी, देवी-देवताओं की चांदी की मूर्तियां, कपड़े, चादरें, बर्तन, नए कंबल, सीसीटीवी कैमरे, टीवी सहित ढाई लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने आसपास रहने वाले लोगों पर चोरी का शक जताया है। इससे पहले 31 जुलाई 2024 में लगभग दो लाख रुपये और 18 दिसंबर 2025 दो लाख रुपये से अधिक की चोरी हो चुकी है। इनकी पहले से रिपोर्ट दर्ज है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाया जा रहा है।