लखनऊ। चिकित्सा शिक्षा व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना रविवार को सीएचसी मलिहाबाद का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि रात में डॉक्टर नहीं रहते और उस समय प्रसव कराने में सफाई कर्मी सहयोग करता है। इस पर जब मंत्री ने अधीक्षक से पूछा तो वह कुछ बोल ही नहीं पाए।
रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मंत्री सुरेश खन्ना मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का पहुंचे। मंत्री के दौरे की बात सुनकर पार्टी कार्यकर्ता भी स्वास्थ्य केन्द्र पर आ गए। श्री खन्ना ने ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, शौचालय, दन्त विभाग व अल्ट्रासाउंड आदि का जायजा लिया। उन्हें कई स्थानों पर गंदगी मिली जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार को सुधार के निर्देश दिए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिकायत की कि रात में डाक्टर न होने से गर्भवती महिलाओं को बहुत दिक्कत होती है।
एक व्यक्ति राधेश्याम कश्यप ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी प्रसव कराता है जबकि दूसरे व्यक्ति ने फार्मासिस्ट शकील द्वारा मरीजों के साथ दुर्व्यहार करने की शिकायत की। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधीक्षक से सवाल किया तो उन्होंने इसकी जानकारी से ही इनकार कर दिया। शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे रुकने के बाद वहां से चले और अधीक्षक को निर्देश दिया कि डॉक्टर व कर्मचारी अपने व्यवहार में सुधार लाएं।