प्रदर्शन करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी।
लखनऊ। कश्मीर के पहलगाम हुई पर्यटकों की हत्या के विरोध में सरकारी संस्थान से लेकर आईएमए के डॉक्टरों में आक्रोश दिखा। डॉक्टरों ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया। सभी ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने भी आक्रोश व्यक्त किया।
केजीएमयू शिक्षक संघ के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को डॉक्टर, रेजिडेंट व पैरामेडिकल स्टाफ ने शहीद स्मारक तक शांति मार्च निकाला। इसमें केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद भी शामिल हुईं। डॉक्टर व कर्मचारी हाथ में आतंक के खिलाफ नारों से लिखी तख्ती पकड़े दिखे। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. केके सिंह कहा, आतंक के खिलाफ पूरे देश को एकजुट हाेने की जरूरत है। संघ के महासचिव डॉ. संतोष कुमार ने कहा, आतंकवाद का सफाया जरूरी है। इस मौके पर डॉ. अविनाश अग्रवाल, डॉ. बीके ओझा, डॉ. विश्वजीत सिंह आदि मौजूद रहे। लोहिया में हुई शोक सभा लोहिया संस्थान के डॉक्टर व कर्मियों ने दो मिनट पर मौन का रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने कहा, सभी लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
बेगुनाह लोगों की हुई हत्या : रिवर बैंक कॉलोनी स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन दफ्तर में पदाधिकारियों ने बैठक की। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. सरिता सिंह, सेक्रेटरी डॉ. संजय सक्सेना ने कहा, पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोष लोगों की हत्या की है।