लखनऊ। साइबर ठग ने गाजीपुर क्षेत्र निवासी डॉक्टर को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। फिर उनसे तीन लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने गाजीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉक्टर ने बताया कि 24 दिसंबर को दोपहर में उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस कर्मचारी बताया। उसने धमकाते हुए कहा कि उनकी अश्लील वीडियो उसके पास है, जिसे वह वायरल कर देगा। यह सुनकर वह घबरा गए। ठग ने आत्मसम्मान बचाने के बदले उनसे टुकड़ों में तीन लाख रुपये की मांग की। घबराकर उन्होंने ठग के दिए गए तीन बैंक खातों में तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। उनका आरोप है कि इसके बाद भी ठग उनसे और रुपयों की मांग करता रहा। इस पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई और गाजीपुर थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के मुताबिक मामले की तफ्तीश साइबर सेल कर रही है।