लखनऊ। पीजीआई के तेलीबाग सैनिक नगर स्थित स्पर्श चिल्ड्रन हॉस्पिटल एंड होम्योपैथिक सेंटर के एमडी से जालसाज पिता-पुत्र ने प्लॉट दिलाने के नाम पर 72.75 लाख रुपये ठग लिए। रजिस्ट्री में टालमटोल देख पीड़ित ने पड़ताल की तो करतूत सामने आयी। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने चेक दिए, जो बाउंस हो गए। एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल के आदेश पर पीजीआई थाने में केस दर्ज किया गया है।
हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अखिलेश पांडेय ने बताया कि सितंबर 2024 में हिमांशु द्विवेदी उर्फ अंकित द्विवेदी बेटे का इलाज कराने अस्पताल आया था। वेटिंग एरिया में इंतजार के बाद मिलने पर हिमांशु ने अस्पताल को और बड़ा करने की नसीहत दी। इसपर पीड़ित ने कहा कि बगल वाला प्लॉट मिल जाएगा तो विस्तार हो पाएगा। पूछने पर आरोपी ने कहा कि प्लॉट रायबरेली के एचसी शुक्ला का है जो उसके रिश्तेदार हैं। आरोपी ने बताया कि वह प्लॉट का सौदा करा देगा। हामी भरने पर आरोपी ने उसकी फर्म शशांक इंटरप्राइजेज के खाते में रुपये डालने और फिर उसी रुपये से प्लॉट खरीद कर अखिलेश के नाम पर रजिस्टर्ड करने की बात कही। डॉक्टर ने कई बार में विभिन्न माध्यमों से 72.75 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोपी ने दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कराने की बात कही, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। शक होने पर डॉ. अखिलेश ने पड़ताल की तो उन्हें ठगी का पता चला।