लखनऊ। ठाकुरगंज के हरदोई रोड निवासी होम्योपैथिक डॉक्टर मनीष कुमार श्रीवास्तव ने चार लोगों पर मेडिकल स्टोर में पार्टनरशिप के नाम पर पांच लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
डॉ. मनीष के मुताबिक वर्ष 2023 में उनकी पहचान काकोरी के बरावन कला के होम्योपैथिक फार्मा कंपनी के सेल्समैन सतपाल अर्कवंशी से हुई। उसने उनका परिचय क्यूरेटिव पावर लैब प्रा.लि. के एरिया मैनेजर सत्यम शुक्ला से कराया। दोनों ने उनके नाम पर मेडिकल स्टोर खोलने व पार्टनर बनाने का झांसा दिया।
बातों में आए डॉ. मनीष ने पांच लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि मेडिकल स्टोर तो खोला, पर न तो उन्हें पार्टनर बनाया और न ही मुनाफा दिया। इसका विरोध करने पर धमकाना भी शुरू कर दिया।
डॉक्टर का कहना है कि ठगी में यदुनाथ और श्याम सिंह ने भी आरोपियों का साथ दिया। ठाकुरगंज पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान के मुताबिक तफ्तीश जारी है।