सवाल- गैस की बहुत शिकायत रहती है। लंबे समय से दवा खा रहे हैं। क्या करें? -पल्लवी सिंह जियामऊ, देवेंद्र सैनिक विहार
जवाब- ज्यादा तला भुना खाने के बाद गैस की शिकायत सामान्य बात है, लेकिन पेट फूलना, जलन के साथ उल्टी होने लगे, वजन कम होने लगे, हीमोग्लोबिन का स्तर गिरने लगे और भूख न लगे तो यह गंभीर बीमारी के लक्षण हैं। इसके लिए एंडोस्कोपी करा लेनी चाहिए। इलाज शुरू हो जाने से कुछ दिन में ही समस्या का समाधान हो जाता है।
सवाल- लंबे समय से कब्ज की शिकायत रहती है। क्या करें? - हरिनाम सिंह हुसैनाबाद, बैजनाथ गोसाईगंज
जवाब- कब्ज की वजह से गैस बनने से लेकर पेट दर्द सिरदर्द सहित तमाम समस्याएं होती हैं। इससे बचने के लिए पानी का खूब पीएं। सलाद और ज्यादा फाइबर वाले फल का नाश्ते में लें। सुबह तेज गति से चलने का अभ्यास करें। इसके बाद भी फायदा न हो तो डॉक्टर को दिखा लें।
सवाल- दो माह से शराब का सेवन कर रहा हूं। पेट गड़बड़ रहने लगा। क्या इतनी जल्दी भी शराब लीवर को नुकसान करती है? - राजेश शास्त्री नगर, मानस शुक्ला मोहनलालगंज
जवाब- तमाम लोगों में यह भ्रांति रहती है कि शराब का सेवन करने से इतनी जल्दी नुकसान नहीं होता। यह पूरी तरह से गलत है। शराब की पहली घूंट लीवर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर देती है। यह अलग बात है कि कुछ लोगों में असर देर से दिखता है। यदि शराब व धूम्रपान से दूर रहे।
सवाल- हेपेटाइटिस की दवा चल रही है। इसे कितने दिन खाना पड़ेगा? - राजकुमार, विष्णुपुरी, संतोष सिंह उदयगंज
जवाब- हेपेटाइटिस सी की दवा 3 से 6 महीने तक लेनी पड़ती है। जबकि हेपेटाइटिस बी की दवा लंबा चलती है। जिनकी दवा पहले से चल रही है वह छोड़ें नहीं। यदि दो माह दवा खाने के बाद मरीज छोड़ देते हैं और समस्या बढ़ने पर दोबारा इलाज शुरू करते हैं तो नए सिरे से दवाएं देनी पड़ती हैं। समय के अनुसार दवाओं की डोज घटाई और बढ़ाई जाती है।