बच्चों पर न डालें पढ़ाई का जरूरत से ज्यादा दबाव
सुपर 30 के संचालक आनंद कुमार ने साझा किए अपने अनुभव
अभिभावकों की महत्वाकांक्षाएं काफी बढ़ गई हैं। वे बच्चों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे हैं। इंजीनियर-डॉक्टर बनाने के लिए कक्षा छह से कोचिंग शुरू कर दे रहे हैं। हर किसी में अलग प्रतिभा होती है। उसे उसी दिशा में भेजें। यह कहना था पटना के सुपर 30 के संचालक आनंद कुमार का। वे सोमवार को गोमतीनगर स्थित जयपुरिया स्कूल में छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा कर रहे थे। उन्होंने अपने अतीत, संघर्षों और उनकी जीवनी पर बनी फिल्म के बरे में भी छात्रों से खूब बातें कीं।
यूपी के सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि शिक्षकों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है। सरकार को चाहिए कि वे प्रशिक्षण की उत्तम व्यवस्था करे। शिक्षकों को नई तकनीक, इनोवेशन के सहारे छात्रों को पढ़ाना चाहिए, इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने नोएडा में एक मॉडल स्कूल खोलने का प्रस्ताव रखा था। जिसमें छात्रों को उनकी क्षमता के अनुसार उत्कृष्ट शिक्षा देने की योजना थी। वे इस योजना के बारे में वर्तमान प्रदेश सरकार के समक्ष भी बात रखेंगे। इस अवसर पर अभिनेता नंदीश संधू, अंजली जयपुरिया समेत कई मौजूद रहे।