लखनऊ। विवेकानंद पॉलीक्लीनिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के डीएनबी रेजिडेंट डॉक्टर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से हड़ताल पर चले गए। डॉक्टरों ने लंबित स्टाइपेंड संबंधी मांगों को लेकर यह कदम उठाया है। हड़ताल के दौरान ओपीडी, वार्ड, नियमित राउंड, गैर-आपातकालीन प्रक्रियाओं और अन्य रूटीन क्लीनिकल कार्यों का बहिष्कार किया गया। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं, आपातकालीन सर्जरी और जीवनरक्षक चिकित्सा सेवाएं जारी रहेंगी।
रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मांगों को लेकर प्रबंधन से कई बार बातचीत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मजबूरन डॉक्टरों को हड़ताल का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने प्रबंधन से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की है, ताकि चिकित्सा सेवाएं सामान्य हो सकें। साथ ही हड़ताल के कारण मरीजों को हो रही असुविधा पर खेद जताया है।
विवेकानंद पॉलीक्लीनिक के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानंद का कहना है कि डीएनबी प्रशिक्षु डॉक्टरों की मासिक मानदेय 56 हजार से बढ़ाकर 90 हजार रुपये करने की मांग अनुचित है। संस्थान राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड के नियमानुसार मानदेय दे रहा है। डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। सभी प्रशिक्षु 27 नवंबर से ड्यूटी पर लौटें।