उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोरोना से बचाव के कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न होने देना, सामाजिक दूरी का अनुपालन और मास्क के प्रयोग की अनिवार्यता पर लगातार नज़र रखी जाए। इसके लिए सद्भावनापूर्वक प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना से बचाव के लिए स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। सीएम योगी ने कहा सभी जिलों के डीएम और सीएमओ कोरोना के संबंध में नियमित समीक्षा करें, जांच और टीकाकरण पर फोकस करते हुए कोरोना का फैलाव रोकने की दिशा में ठोस कार्यवाही करें।
सीएम योगी ने इंसेफेलाइटिस उन्मूलन के प्रयासों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति से किए गए समन्वित प्रयासों से इंसेफेलाइटिस अब खात्मे के कगार पर है। फिर भी इससे बचाव और इलाज में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बचाव और इलाज के मुकम्मल इंतज़ाम पर ध्यान रखें। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान जारी रहे। मुख्यमंत्री को बताया गया कि इंसेफेलाइटिस प्रभावित मंडल के सभी गांवों में शौचालय की व्यवस्था है।