फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लखनऊ के लिए डीएम ने बनाया सख्त प्लान, लगेगा भारी जुर्माना

Tue, 25 Dec 2018 12:32 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
डेमो
विज्ञापन
आए दिन लखनऊ में जाम के हालात को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के सख्त रूख के बाद डीएम कौशल राज शर्मा ने इससे निपटने को सोमवार को कार्ययोजना बनाई। इस बाबत सोमवार को डीएम की अध्यक्षता में हुई कमेटी की बैठक में निर्देश दिया गया कि सड़कों पर अवैध तौर से होने वाली वाहन पार्किंग रोकने को सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों को 24 घंटे की मोहलत दी है।
विज्ञापन


चेताया कि 26 दिसंबर शाम पांच बजे से पुलिस, नगर निगम व यातायात पुलिस कार्रवाई शुरू करेगी। डीएम कौशल राज शर्मा ने कहा, ज्यादातर कार बाजार संचालकों की ओर से सड़कों पर वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात संचालन में बाधा आती है। ऐसे करने वालों को एक बार चेतावनी दी जाए। फिर भी न सुधरें तो पुलिस से कड़ी कार्रवाई की जाए।

यह भी कहा, कार बाजार व प्राइवेट ट्रैवल्स की बसों के संचालकों के साथ नगर निगम, पुलिस व ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी 24 घंटे के भीतर बैठक कर दिशा-निर्देश का पालन करवाएं। ऐसे वाहन खड़े करने को अलग से एक स्थान निश्चित कर इसके इतर गाड़ियां खड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। 
विज्ञापन

जिम्मेदारों की सीधी जवाबदेही तय कर होगी कार्रवाई

जाम मुक्त ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने को जिलाधिकारी ने इसकी नियमित निगरानी के लिए शहर को चार जोन पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी व ट्रांसगोमती में बांटकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी बताया कि चारों जोन में सड़कों व चौराहों के लिए आवश्यक स्ट्रक्चर बनाने के लिए जोनवार लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की जिम्मेदारी तय होगी।

नगर निगम व पुलिस भी जाम मुक्त यातायात और वेंडिंग जोन शिफ्टिंग को तय कार्य समय से पूरा कराएंगे। जाम में चिह्नित प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर, टाइलिंग को भी अधिकतम एक सप्ताह में पूरा कराया जाएगा।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में मेट्रो रूट, मुख्य मार्गों व चौराहों को चिह्नित कर वहां सड़क से अतिक्रमण हटाने को चिह्नित वेंडर जोन में शिफ्टिंग चार दिनों में पूरी कराएं। ऐसा न कराने वाले जिम्मेदारों की सीधी जवाबदेही तय कर कार्रवाई होगी। कहा, वेंडिंग जोन नियोजित करने को स्थानीय व्यापारियों व आटो चालकों के साथ भी बैठकर इसके सीमा क्षेत्र के बारे में जागरूक किया जाए। 
 
विज्ञापन

दो शिफ्ट में होगी ट्रैफिक की निगरानी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रमुख मार्गों पर जाम से छुटकारा दिलाने को 26 दिसंबर से चिह्नित विभाग नामित अधिकारियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगा निगरानी करें। पहली शिफ्ट सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगी। दूसरी रात में रात 9 बजे से 11 बजे तक अफसर क्षेत्रों में घूमकर जाम का कारण बनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

जगह-जगह कूड़ा जलाने वालों, रोक के बावजूद पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों और प्लास्टिक कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य मार्गों पर भिखारियों की संख्या बढ़ने पर भी नाराजगी जताते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि पुलिस की मदद से अभियान चलाकर इन्हें तीन दिन में भिक्षुक गृह भेजें। 

खुले में कोई सोता दिखे तो दें जानकारी
डीएम ने शहरवासियों से अपील की है कि अगर कहीं ठंड में कोई खुले स्थान पर सोता मिले तो उसे पास के रैन बसेरा पहुंचाएं। प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी जा सकती है। नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी ऐसे लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा कि खुले में सो रहे लोगों को कंबल या कपड़ा बांटने की जगह इसे सीधे रैन बसेरों में जाकर दान करें। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें