गेहूं खरीद तैयारियों व फार्मर रजिस्ट्री कार्यों का निरीक्षण करते डीएम विशाख जी
गोसाईगंज। डीएम विशाख जी ने सोमवार को क्षेत्र की साधन सहकारी समिति व मलौली पंचायत भवन का निरीक्षण कर गेहूं खरीद तैयारियों व फार्मर रजिस्ट्री कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी दोपहर 1:30 बजे मलौली साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) पहुंचे। यहां उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को परखा। कार्यवाहक प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के चलते क्षेत्र में गेहूं की कटाई देर से हुई है, इसलिए अभी गेहू्ं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। कहा कि अगले 10 से 15 दिनों में खरीद शुरू होने की संभावना है। समिति को 200 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है।
इसके बाद डीएम ने मलौली पंचायत भवन में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कुल 316 किसानों का पंजीकरण होना था, जिनमें अभी 61 किसानों का पंजीकरण बाकी है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई और किसानोें के घर जाकर पंजीकरण पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, उपनिदेशक कृषि विनय कौशल व एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल भी मौजूद रहे।