लखनऊ। गोमती का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित फैजुल्लागंज में शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) बबलू कुमार ने नाव से पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर दवाओं व दैनिक जरूरत की वस्तुओं का वितरण कराया।
डीएम को बताया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में तीन बाढ़ राहत शिविर और एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। चिकित्सा सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं और दवाएं वितरित की जा रही हैं। लोगों के आवागमन और राहत कार्यों के लिए 24 नावें लगाई गई हैं। जिलाधिकारी ने 10 और नावों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने के लिए कहा, ताकि आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। नगर निगम को फॉगिंग के साथ लगातार एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने, कूड़े-कचरे की नावों के जरिये सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में नावों से जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फैजुल्लागंज में निगरानी के लिए अलग-अलग पालियों में तीन अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी और तहसीलदारों की टीमें तैनात की गई हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, नगर निगम समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फैजुल्लागंज में बनाया गया शिविर और निरीक्षण करने पहुंचे डीएम व जेसीपी।
फैजुल्लागंज में बनाया गया शिविर और निरीक्षण करने पहुंचे डीएम व जेसीपी।
फैजुल्लागंज में बनाया गया शिविर और निरीक्षण करने पहुंचे डीएम व जेसीपी।