दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम लखनऊ से 190 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। ये बसें 3 नवंबर से 15 नवंबर तक रोजाना चलेंगी। इनसे यात्रियों को राहत मिलेगी।
7 नवंबर को दीपावली है। दिल्ली, मुंबई व प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी आने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर आने लगी है। त्योहार बाद लौटने वालों का हुजूम भी स्टेशन व बस अड्डों पर रहेगा। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा।
परिवहन निगम के जनसंपर्क अधिकारी अनवर अंजार ने बताया कि निगम लखनऊ एवं आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली के लिए 18 वॉल्वो, 10 जनरथ, 84 साधारण बसें अभी चलाई जा रही हैं। जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ से दिल्ली के लिए 47 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
मिलीं 30 साधारण बसें
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 51 नई बसों को हरी झंडी दिखाई थी, जिसमें 11 बसें लखनऊ को मिली थीं। इसी क्रम में 55 और बसें परिवहन निगम के बेड़े में शामिल की गई हैं। इसमें दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ को 30 और साधारण बसें मिली हैं और 25 बसें गाजियाबाद क्षेत्र को दी गई हैं।