लखनऊ। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने पुलिस, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और परिवहन विभाग को पत्र लिखा है। कैसरबाग, लालबाग, परिवर्तन चौक व इसके आसपास का ट्रैफिक व्यवस्थित करने के लिए तय समय में कार्ययोजना मांगी है।
नगर आयुक्त को भेजे पत्र में बताया गया कि कैसरबाग स्टेशन के पास राजा नवाब अली मार्ग के फुटपाथ पर दोपहिया वाहन खड़े करने के लिए रैंप बनाने को कहा है। इस रोड के चौड़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजा है। साथ ही कहा है कि कैसरबाग चौराहे के आसपास पार्किंग न होने से जाम लगता है। चौराहे के सामने खाली जमीन पर पार्किंग बनाई जाए। वहां के वेंडरों को व्यवस्थित किया जाएग। इससे संबंधित पत्र डीसीपी यातायात व डीसीपी पश्चिम को भेजा है। निर्देशित किया है कि डीएम कार्यालय के सामने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्थित करने की योजना बनाएं।
परिवहन के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर बताया गया अधिकतर बसें बर्लिंगटन चौराहे से ओडियन सिनेमा होते हुए कैसरबाग चौराहे तक आती-जाती हैं। इससे चौराहे से कैंट तक जाम लगता है। बसें बीएन रोड हुए रॉयल होटल चौराहे पर जाएं और वहां से दाएं मुड़कर चाराबाग जा सकती हैं।