जमुनहा के मनवरिया भोजा में पक्के मकान के ऊपर बन रहा प्रधानमंत्री आवास।
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जमुनहा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना अनियमितता और घोटाले की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। क्षेत्र में जहां एक और पात्र योजना के लिए दर-दर भटक रहे हैं वहीं, दूसरी और पक्के घर वालों को भी उन्हें पात्र बनाकर आवास मुहैया करवाया जा रहा है। ऐसा ही कुछ क्षेत्र के मनवरिया भोजा में देखने को मिला जहां एक महिला को पक्का मकान होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना का पात्र बना दिया। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि वह अपनी पक्की छत के ऊपर पीएम आवास बनवा रहीं हैं।
गरीबों को अपना छत मुहैया कराने के लिए चलाई गई प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में जहां पात्रों को ग्राम प्रधान व सचिव चक्कर लगवा रहे हैं। वहीं, अपात्रों को साजकर आवास सुविधा मुहैया कराई जा रही है। ऐसा किसी एक गांव में नहीं कई गांवों में देखने को मिल रहा है। जहां फूस के छप्पर में रह रहे गरीब आवास के लिए भटक रहे हैं। जमुनहा के ग्राम मनवरिया भोजा में एक घर की तस्वीर इसका प्रमाण है। यहां पूर्व में बने पक्के मकान वाले को प्रधानमंत्री आवास दे दिया गया। अब लाभार्थी घर की छत पर प्रधानमंत्री आवास का निर्माण करा रही है। इस बारे में खंड विकास अधिकारी जमुनहा अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।