बख्शी का तालाब के नवीकोट नंदना स्थित नई बस्ती में मंगलवार दोपहर पारिवारिक विवाद में प्राॅपर्टी डीलर अतुल सिंह चौहान की पत्नी गुंजन (28) ने खुद को गोली मार ली। खाना खाने के दौरान अतुल ने शुगर की मरीज मां को चावल परोसने पर गुंजन को टोका था। इसी बात पर झगड़ा हो गया और गुंजन ने अतुल की लाइसेंसी पिस्टल से पेट में गोली मार ली।
प्रभारी निरीक्षक बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि माल के मवई निवासी अतुल सिंह नवीकोट नंदना नई बस्ती में मकान बनवाकर रहते हैं। दोपहर में गुंजन ने पति को फोन कर खाना खाने के लिए बुलाया था। दोपहर डेढ़ बजे अतुल घर पहुंचे थे। पूछताछ में पता चला है कि लंच के दौरान गुंजन ने सास को ज्यादा चावल परोस दिया। यह देखकर अतुल ने टोक दिया।
ये भी पढ़े- पहलगाम आतंकी हमला : सीएम योगी बोले कायरतापूर्ण हरकत, अखिलेश और मायावती के साथ कांग्रेस ने कही यह बात
अतुल ने गुंजन से कहा कि मां को शुगर है, इसके बावजूद चावल खिला रही हो। इसी बात पर कहासुनी हो गई। नाराज होकर गुंजन कमरे में चली गईं और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजनों ने दरवाजे की कुंडी तोड़ी तो गुंजन खून से लथपथ मिलीं। गंभीर अवस्था में उन्हें पहले अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा में गुंजन की मौत हो गई। उनकी एक साल की बेटी लवी है।
ये भी पढ़े- यूपी: रायबरेली, अमेठी सहित 18 जिलों के राजकीय विद्यालयों में बनेंगे इंडोर मिनी स्टेडियम, 115 करोड़ बजट स्वीकृत
परिजन ने नहीं दी सूचना, पुलिस को सोशल मीडिया से हुई जानकारी
परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। सोशल मीडिया पर आत्महत्या की खबर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। हालांकि, काफी देर तक बीट इंचार्ज रनवीर सिंह घटना के बारे में इन्कार करते रहे। एक घंटे बाद प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने मामले की पुष्टि की। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों ने अभी कोई शिकायत नहीं की है। सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। पिस्टल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं।