लखनऊ। केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी की पार्किंग में अधिक शुल्क की वसूली पर मंगलवार दोपहर विवाद हो गया। 20 के बजाय 50 रुपये शुल्क लेने का मरीज ने विरोध किया तो ठेकेदार के गुर्गे भिड़ने लगे। जब मरीज ने शिकायत की धमकी दी तो 10 रुपये लौटा दिए।
केजीएमयू प्रशासन ने लारी परिसर के अंदर पार्किंग का ठेका उठाया है। यहां ओपीडी में आने वाले मरीजों, तीमारदारों से दोपहिया वाहनों की पार्किंग का 10 रुपये घंटे के हिसाब से शुल्क लिया जा रहा है। मरीज विमल ने सुबह आठ बजे पार्किंग में बाइक खड़ी की। दोपहर 12 बजे वह लौटने लगे तो ठेकेदार के गुर्गों ने चार घंटे बाइक खड़ी रहने के 50 रुपये वसूल लिए, जबकि शुल्क 20 रुपये बन रहा था। विमल ने विरोध जताया तो धमकाने लगे। इसकी शिकायत की धमकी पर गुर्गों ने दस रुपये लौटाकर विमल को चलता कर दिया। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह का कहना है पार्किंग का शुल्क अधिक वसूला गया है तो ठेकेदार पर कार्रवाई होगी।
थमा रहे सादी पर्ची
पार्किंग ठेकेदार के गुर्गे अधिक वसूली के लिए खेल कर रहे हैं। ये दोपहिया वाहन मालिकों को सादी पर्ची थमाते हैं और बाद में एक घंटे के दस रुपये के हिसाब से शुल्क वसूलते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार आंखें मूंदे हैं।
तय पार्किंग शुल्क
घंटे शुल्क
4 घंटे 20 रुपये
4 से 8 घंटे 30 रुपये
8 से 12 घंटे 35 रुपये
12 से 24 घंटे 60 रुपये