फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ यूनिवर्सिटी का हाल : पढ़ाया फाइनेंस व बैंकिंग, परीक्षा दिलाई कम्यूनिकेशन स्किल की

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को बीकॉम व बीएससी के छात्रा की को-कॅरिकुलर परीक्षा में काफी घालमेल हुआ। छात्रों ने को-कॅरिकुलर कोर्स के तहत फाइनेंशियल लिटरेसी एंड बैंकिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन सोमवार को परीक्षा में उन्हें कम्यूनिकेशन स्किल का पेपर पकड़ा दिया गया। छात्रों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन 50 मिनट के बाद भी अंतत: उन्हें कम्युनिकेशन स्किल का ही पेपर हल करना पड़ा।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार बीएससी-बीकॉम पहले सेमेस्टर के छात्रों ने पूर्व में को-कॅरिकुलर कोर्स के रूप में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा तैयार फाइनेंशियल लिटरेसी को चुना और उसकी पढ़ाई भी की। उन्हें अंत तक यह नहीं बताया गया कि यह कोर्स एप्रूव नहीं है। विवि द्वारा वेबसाइट पर अपलोड लिस्ट में भी इसका नाम नहीं है। वहीं, जब छात्रों ने परीक्षा फॉर्म भरा तो उनसे कहा गया कि जो मन हो वह भर दो। उनके एडमिट कार्ड में कम्युनिकेशन स्किल लिखकर जारी हुआ। तभी से वे परेशान थे, लेकिन शिक्षकाें ने उन्हें आश्वासन दे दिया।
सोमवार को जब दूसरी पाली में कॉमर्स ब्लॉक में को-कॅरिकुल की परीक्षा हुई तो छात्रों को कम्युनिकेशन स्किल का पेपर दे दिया गया। इस पर हंगामे की स्थिति देख छात्रों के विभाग से संबंधित शिक्षकों को बुलाया गया। उनके समझाने के बाद 2.55 मिनट पर परीक्षा शुरू हुई और छात्रों को कम्युनिकेशन स्किल का ही पेपर देना पड़ा। पेपर हल करने के लिए उन्हें लगभग 30 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया।
विज्ञापन

बता दें कि विवि ने इस साल से स्नातक कोर्सों में नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (एनईपी) लागू की है। इसमें छात्रों को एक पेपर को-कॅरिकुलर का चुनना था। इसे लेकर शुरुआत से ही लापरवाही हुई। पहले तो कोर्सों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, बाद में जब कोर्स तय हुए तो सिलेबस नहीं बन पाया। जब सिलेबस बना तो कुछ विभागों ने वह भी पढ़ा दिया जो एप्रूव ही नहीं था। इससे विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ा। मामले में परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जो लिस्ट अपलोड है, उसी के अनुसार विषयों के पेपर तैयार कराए गए थे। छात्रों ने अपने परीक्षा फार्म में भी कम्युनिकेशन स्किल भरा है। उनके एडमिट कार्ड में भी वही है। उसी का पेपर करवाया गया। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई। वहीं, लविवि प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों ने जो पढ़ा था और जो उनके एडमिट कार्ड में विषय था उसी की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन समय से और सकुशल कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें