गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेक्टर सात में मंगलवार को ग्राहक बनकर पहुंचे बाइक सवार दो बदमाश महिला दुकानदार संध्या गुप्ता (60) की चेन लूट ले गए। पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया है।
सरयू अपार्टमेंट की पास संध्या की परचून की दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दो युवक बाइक से आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उतरकर महिला से बिस्कुट खरीदा। इसके बाद उसने चिप्स मांगा। संध्या चिप्स देने के लिए घूमीं तो बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर उनकी चेन खींच ली और बाइक सवार साथी के साथ चौधरी खेड़ा की तरफ भाग गया। संध्या ने मदद के लिए शोर मचाया पर लोगों के एकत्र होने से पहले ही लुटेरे भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को इधर-उधर तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र सिंह ने बताया कि लूट का केस दर्ज कर बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज से सुराग लगाया जा रहा है।