इंटर पास छात्रों को लैपटॉप बांटने में प्रदेश के 15 जिलों में खामियां उजागर हुई हैं। भारतीय लेखा तथा लेखा परीक्षा विभाग ने इस पर आपत्तियां लगाई हैं।
आडिट ने आपत्तियां लगाते हुए कहा है कि अलीगढ़, इलाहाबाद, आजमगढ़, बलरामपुर, बांदा, बिजनौर, इटावा, गौतमबुद्धनगर, गाजीपुर, कानपुर देहात, लखनऊ, महाराजगंज, मेरठ, मुरादाबाद तथा संत रविदास नगर में लैपटॉप वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम पर खर्च में गड़बड़ियां मिली हैं।
शासन ने संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को इन्हें दूर करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश के इंटर पास उच्च शिक्षा लेने वाले छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने की योजना शुरू की है।
इसके तहत 14 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे गए। इसकी खरीद राज्य स्तर पर की गई। लेकिन इसका वितरण जिले स्तर पर किया गया। भारतीय लेखा तथा लेखा परीक्षा विभाग को इन 15 जिलों में लैपटॉप वितरण में खामियां मिली हैं।
जांच में पाया गया कि लैपटॉप तो बांटा गया है, लेकिन इसके लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के खर्च का हिसाब नहीं मिल रहा है।
आडिट ने आपत्तियां लगाते हुए स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इसके आधार पर शासन ने संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है. कि वे प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा के कार्यालय में 11 सितंबर तक उपस्थित होकर ऑडिट की आपत्तियां दूर करा दें।