आलमबाग। गुरुनानक नगर वार्ड के नंदनगर में नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। इस कारण दर्जनों घरों में दूषित पानी भर गया है जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सड़क पर फैले पानी से बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक दशक से नगर निगम से मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लिखित व मौखिक रूप से समस्या बताई है। हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। घरों में गंदा पानी भरने से सुषमा, प्रिया, विमला और शाश्वत सहित कई लोग बीमार हो चुके हैं। स्थानीय निवासी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव के परिवार के तीन सदस्य त्वचा संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। समाजसेविका प्रिया दुबे और श्वेता सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए स्थानीय पार्षद, निगम अधिकारियों और राजनेताओं से 50 से अधिक बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रिया और श्वेता ने चेतावनी दी कि यदि समाधान नहीं हुआ तो मोहल्ले के लोग सड़क पर उतरकर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।