तथाकथित फर्जी एग्री कल्चर कंपनी बनाकर करीब 24 लोगों से पैसा लेकर नौकरी का झांसा देने और महिला सहकर्मी के साथ अश्लील हरकत करने वाले डायरेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी कर्मियों को अलग-अलग होटलों में बुलाकर उन्हें झांसा देता था। कंपनी का मुख्यालय आनंद बिहार नई दिल्ली में था।
एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि एक महिला ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी कि तथाकथित एग्री कल्चर डेवलेपमेंट आफ इंडिया 36 आनंद बिहार नई दिल्ली के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह राठौर उर्फ चौधरी कुंवर सिंह ने पिछले दिनों जिले में विभिन्न पदों पर भर्ती निकालकर लखनऊ में बुलाकर इंटरव्यू लिया था। इसने आवेदकों से अलग-अलग रुपया लेकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर व आईडी कार्ड बनाकर संविदकर्मी के पद पर 35 हजार प्रति माह वेतन की नौकरी दी थी। इसने शिकायतकर्ता समेत 24 लोगों को नौकरी दी थी।
नौकरी पर रखे गए कर्मियों को तीन माह से वेतन भी नहीं मिला था। गत गुरुवार को उसने महिला शिकायतकर्ता के साथ कार्यालय में ड्यूटी के समय अश्लील हरकत करने की कोशिश की। सहकर्मियों ने पहुंचकर महिला को आरोपी के चंगुल से बचाया और उसे दबोच लिया। मामले की सूचना पाकर नगर कोतवाल संजय कुमार दूबे की टीम ने आरोपी को धर दबोचा। नगर कोतवाली की पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह राठौर निवासी ग्राम गिलौली थाना सोनवा जनपद श्रावस्ती के खिलाफ धोखाधड़ी व छेड़खानी का केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।