सीधे व मैनेजमेंट कोटे से प्रवेश वाले अभ्यर्थी 5 दिसंबर तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
प्रदेश के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व फार्मेसी संस्थाओं में प्रवेश के लिए चल रही काउंसिलिंग प्रक्रिया आखिरी चरण में है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) ने काउंसिलिंग से बचीं और मैनेजमेंट कोटे की सीटों के लिए सीधे व कोटे से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया है।
रजिस्ट्रार नंदलाल सिंह ने सभी संबद्ध संस्थानों से कहा कि वे काउंसिलिंग के बाद बची सीटों पर 5 दिसंबर तक संस्थान स्टार पर प्रवेश सुनिश्चित कराएंगे। इसके तहत मैनेजमेंट कोटे के भी विद्यार्थियों को भी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि सामान्य व ओबीसी विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन शुल्क 1000 और एससी-एसटी के लिए 500 रुपये होगा। एसईई न देने वाले सामान्य-ओबीसी विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन शुल्क 2300 और एससी-एसटी के लिए 1150 रुपये होगा। विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने पर उनका मोबाइल, ई-मेल आईडी आदि जानकारी देनी होगी। मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सूचना का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थी को पंजीकरण नंबर जारी होगा, जिससे वे शुल्क जमा कर सकेंगे। बता दें कि संयुक्त काउंसिलिंग से लगभग 31 हजार सीटों पर प्रवेश हुए हैं, जबकि 1.04 लाख सीटें अभी खाली हैं।