गर्मियों में राजधानी से गाजीपुर जाने वाले यात्रियों का सफर आरामदेह होगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मंगलवार से लखनऊ और गाजीपुर के बीच जनरथ एसी बस की सीधी सेवा शुरू करने जा रहा है। यह बस आलमबाग अड्डे से चलेगी।
यही नहीं गाजीपुर से वापसी में बस वाया आलमबाग होकर कानपुर तक जाएगी। गाजीपुर से कानपुर तक एक यात्री को 470 किमी की दूरी का सफर करने पर 621 रुपये किराया चुकाना होगा, जबकि आलमबाग से गाजीपुर की 384 किमी की दूरी का एक यात्री का किराया 502 रुपये होगा।
अवध डिपो की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आमरीन अख्तर ने बताया कि जनरथ एसी बस आलमबाग एवं गाजीपुर यानी दोनों तरफ से शाम 7 बजे ही रवाना होगी। आलमबाग से चली बस रात 2:30 बजे गाजीपुर पहुंचेगी। वहीं, गाजीपुर से चलने वाली बस वाया आलमबाग होकर तड़के 4:40 बजे कानपुर पहुंचेगी।
आलमबाग से किराया
कहां तक रुपये
फैजाबाद 208
अकबरपुर 297
आजमगढ़ 407
गाजीपुर 502