मीडिया को सम्बोधित करते उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा।
- फोटो : amar ujala
यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष के लोग लगातार हंगामा कर अराजकता फैला रहे हैं। वह एक घटना का चुनावी फायदा लेने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग हद कर रहे हैं। कल तो मंत्री भूपेंद्र सिंह का बयान उनके हाथ से लेकर फाड़ कर फेंक दिया।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा विधानसभा बाधित होने पर मीडिया को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को भी कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने का मौका नहीं देना चाहती। वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी सांसद रहते हुए एक बार पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार ने प्रयागराज जाने से रोका था, तब तो उन्होंने कोई हंगामा नहीं किया था।
वहीं, कुंभ में अव्यवस्थाओं के सवाल उठाने पर दिनेश शर्मा ने कहा कि यह इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। अगर कहीं कोई मुश्किल आ रही है तो उसका समाधान किया जा रहा है। विपक्ष के लोग कुंभ के इतने शानदार आयोजन को देख नहीं पा रहे हैं।
कुंभ में अब तक करीब 15 करोड़ लोग स्नान करके जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ हिंदू मनोभाव, पौराणिकता व आध्यात्म का केंद्र है। विपक्ष के लोग हिंदू भावनाओं को चोट पहुंचाना चाहते हैं। इसलिए सड़क से लेकर सदन तक हंगामा कर रहे हैं।